जबलपुर-भोपाल मार्ग पर बड़ा झटका: राष्ट्रीय राजमार्ग 45 का ओवरब्रिज फिर क्षतिग्रस्त
मध्य प्रदेश को यूं ही ‘अजब-गजब’ नहीं कहा जाता। जबलपुर से भोपाल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर वना रेलवे ओवरब्रिज का एक हिस्सा गिरने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। बताया जा रहा है कि भोपाल से जबलपुर की ओर आने वाला हिस्सा पिछले कई महीनों से क्षतिग्रस्त था। एहतियातन यातायात को केवल जबलपुर से भोपाल जाने वाली एक लेन से संचालित किया जा रहा था। लेकिन अब दूसरा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद प्रशासन को तत्काल ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।
घटना के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकाला जा रहा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबी दूरी के वाहनों और स्थानीय ट्रैफिक दोनों पर इसका असर पड़ा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह ओवरब्रिज महज चार साल पहले ही बना था। इतनी कम अवधि में संरचना के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रशासन ने तकनीकी टीमों को मौके पर जांच के निर्देश दिए हैं। क्षतिग्रस्त हिस्से का आकलन किया जा रहा है और विस्तृत रिपोर्ट के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी।
फिलहाल यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ओवरब्रिज के गिरने की वास्तविक वजह क्या रही।

