मध्यप्रदेश में 21 साल बाद सरकारी बस सेवा शुरू, वीडियो में देंखे 351 बसों के साथ मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा लॉन्च
मध्यप्रदेश में करीब 21 साल बाद सरकारी बस सेवा की दोबारा शुरुआत हो गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ किया। इस मौके पर 351 बसों को हरी झंडी दिखाई गई। नई परिवहन सेवा के तहत भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के 7 प्रमुख शहरों में इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें 180 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं, जो पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए चलाई जाएंगी।
2031 तक 15 हजार बसें चलाने का लक्ष्य
राज्य सरकार ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है। योजना के पहले चरण में पहले साल 1,500 बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, साल 2031 तक प्रदेश में 15 हजार बसों का नेटवर्क तैयार करने की योजना है।कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि परिवहन क्षेत्र में सुधार के लिए पांच प्रमुख एजेंडा तैयार किए गए हैं, जिसमें पहला लक्ष्य क्लीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना है।
ट्रांसपोर्ट सेक्टर से 40 फीसदी एयर पॉल्यूशन
नितिन गडकरी ने कहा कि देश में वायु प्रदूषण में ट्रांसपोर्ट सेक्टर की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत है। उन्होंने प्रदूषण कम करने के लिए स्वच्छ ईंधन और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया।गडकरी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रदूषण के लिए वह खुद को भी जिम्मेदार मानते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश में प्रदूषण को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव की जिम्मेदारी का भी उल्लेख किया।
बसों की गुणवत्ता पर गडकरी ने जताई नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने ऑल इंडिया बस एंड कार कन्फेडरेशन के प्रेसिडेंट प्रसन्ना पटवर्धन से बसों की गुणवत्ता को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि अभी बसों के निर्माण में सुधार की जरूरत है।गडकरी ने बस निर्माता कंपनियों को गुणवत्ता सुधारने की सलाह देते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बसों का मानक बेहतर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसे वह ठेकेदारों के काम में लापरवाही पर सख्ती करते हैं, वैसे ही बस कंपनियों को भी सुधार के लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
नई बस सेवा से यात्रियों को मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू होने से प्रदेश के बड़े शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण कम करने और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी। सरकार का दावा है कि आने वाले वर्षों में इस सेवा का विस्तार प्रदेश के अन्य हिस्सों तक किया जाएगा।

