Samachar Nama
×

सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ मध्यप्रदेश, फुटेज में देंखे महाकाल से ओंकारेश्वर तक उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ मध्यप्रदेश, फुटेज में देंखे महाकाल से ओंकारेश्वर तक उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

सावन के पहले सोमवार पर पूरा मध्यप्रदेश शिवभक्ति में डूबा नजर आया। प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में तड़के से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर, ओंकारेश्वर, भोजपुर के भोजेश्वर महादेव, खजुराहो के मतंगेश्वर महादेव, मंदसौर के पशुपतिनाथ, टीकमगढ़ के कुंडेश्वर, दमोह के बांदकपुर जागेश्वर धाम, ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव सहित भोपाल, रायसेन, हरदा और उमरिया के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही 'हर-हर महादेव' के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसरों में भक्ति और उत्साह का अनूठा माहौल देखने को मिला।

महाकाल मंदिर में रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर 1:30 बजे तक करीब 3,05,797 श्रद्धालु भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर चुके थे। रात से ही मंदिर के बाहर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।महाकाल मंदिर में विशेष पूजन के तहत भगवान का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक एवं पूजन संपन्न हुआ।

राजाधिराज स्वरूप में हुआ बाबा महाकाल का दिव्य श्रृंगार

विशेष अभिषेक के बाद बाबा महाकाल का भव्य श्रृंगार किया गया। भगवान को भांग, चंदन, ड्राय फ्रूट और आकर्षक आभूषणों से सजाकर राजाधिराज स्वरूप में अलंकृत किया गया। दिव्य श्रृंगार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।मंदिर परिसर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

ओंकारेश्वर में निकलेगी राजसी सवारी

खंडवा जिले के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा ओंकारेश्वर-ममलेश्वर मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सावन के पहले सोमवार के अवसर पर भगवान की राजसी सवारी दोपहर में निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।सवारी के दौरान भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं।

प्रदेशभर के शिवालयों में रही भक्तों की भीड़

प्रदेश के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों—भोजपुर के भोजेश्वर महादेव, खजुराहो के मतंगेश्वर महादेव, मंदसौर के पशुपतिनाथ, कुंडेश्वर, बांदकपुर जागेश्वर धाम और अचलेश्वर महादेव मंदिर—में भी सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।कई मंदिरों में दर्शन आधी रात 12 बजे से शुरू हुए, जबकि कुछ स्थानों पर सुबह 4 बजे से मंदिरों के पट खोल दिए गए। लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

पूरे प्रदेश में गूंजे 'हर-हर महादेव' के जयकारे

सावन के पहले सोमवार पर पूरे मध्यप्रदेश में शिवभक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। मंदिरों में भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।

Share this story

Tags