Samachar Nama
×

विदिशा में पिता की हैवानियत: 12 साल के बेटे को बाइक से बांधकर 100 मीटर तक घसीटा, चीखता रहा बच्चा; फुटेज में देंखे आरोपी गिरफ्तार

विदिशा में पिता की हैवानियत: 12 साल के बेटे को बाइक से बांधकर 100 मीटर तक घसीटा, चीखता रहा बच्चा; फुटेज में देंखे आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने कथित तौर पर अपने ही 12 वर्षीय बेटे को बाइक से बांधकर करीब 100 मीटर तक घसीट दिया। बच्चा लगातार चीखता-चिल्लाता रहा और "छोड़ दीजिए पापा" कहकर गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी पिता नहीं रुका। घटना के बाद घायल बच्चे का खून से सना वीडियो भी सामने आया है। यह मामला गंजबासौदा तहसील के पड़रिया शिवरामपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता की पहचान 39 वर्षीय तूफान सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। बताया जा रहा है कि घर में बच्चे के मस्ती करने से नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पहले की पिटाई, फिर रस्सी से बांधकर घसीटा

ग्रामीणों के अनुसार, यह घटना 26 जुलाई की रात करीब साढ़े 8 बजे की है। पड़रिया शिवरामपुर के सरपंच लक्ष्मण सिंह दांगी ने बताया कि तूफान सिंह ने पहले अपने बेटे की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसने बच्चे के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और रस्सी को बाइक के पीछे बांधकर उसे सड़क पर घसीटना शुरू कर दिया।सरपंच के मुताबिक, बच्चा दर्द से चीखता रहा और पिता से छोड़ने की गुहार लगाता रहा। इसी दौरान सरपंच की नजर इस घटना पर पड़ी। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को बुलाया और बच्चे समेत अन्य बच्चों को आरोपी के कब्जे से छुड़ाया।

सिर और शरीर में गंभीर चोटें

बाइक से घसीटे जाने के कारण बच्चे के सिर, नाक और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल बच्चा छठवीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल बच्चे का वीडियो बनाया, जिसमें वह खून से लथपथ दिखाई दे रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे को बचाने के बाद लोगों ने आरोपी पिता को पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी पिटाई भी कर दी। हालांकि, बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

ग्रामीणों ने की घटना की पुष्टि

गांव के लोगों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे के साथ जिस तरह की क्रूरता की गई, उससे सभी लोग हैरान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पिता के खिलाफ बच्चे के साथ मारपीट, क्रूरता और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के पीछे अन्य कोई कारण था या नहीं।इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और पारिवारिक हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों को सामने ला दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे की हालत देखकर हर कोई स्तब्ध है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

Share this story

Tags