Samachar Nama
×

बॉयकट बाल और नौकरी करने से नाराज पिता-चाचा ने बेटी को पीटकर मार डाला, छोटी बहन पर भी जानलेवा हमला

Gwalior Crime: बॉयकट बाल और नौकरी करने से नाराज पिता-चाचा ने बेटी को पीटकर मार डाला, छोटी बहन पर भी जानलेवा हमला

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बॉयकट बाल रखने और बाहर नौकरी करने से नाराज पिता और चाचा ने 21 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों ने युवती को डंडों से पीटा, उसका सिर दीवार पर पटका और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी 17 वर्षीय छोटी बहन के साथ भी मारपीट की और उसका गला दबाने की कोशिश की। नाबालिग इस हमले में बेहोश हो गई।

घटना डबरा के पतरिया पुरा गांव की बताई जा रही है। मृतका की पहचान अनु उर्फ नंदनी यादव के रूप में हुई है। वह कर्नाटक के विजयपुर में एक मॉल में नौकरी करती थी और रक्षाबंधन के मौके पर अपने घर आई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार उसके बाहर नौकरी करने और उसके बॉयकट बाल रखने से नाराज था।

पहले छोटी बेटी के साथ की मारपीट

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर पिता भगवान सिंह यादव और चाचा संतोष सिंह यादव घर पहुंचे। दोनों ने कथित तौर पर सबसे पहले 17 वर्षीय छोटी बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे घसीटकर डंडों से पीटा गया और गला दबाने की कोशिश भी की गई। बीच-बचाव करने पहुंची मां की वजह से नाबालिग किसी तरह बच सकी। मारपीट के बाद वह करीब 30 से 40 मिनट तक बेहोश रही।

बड़ी बेटी की भी बेरहमी से हत्या

इसके बाद आरोपी बड़ी बेटी नंदनी के पास पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, नंदनी का सिर दीवार पर पटका गया और डंडे से उसके सिर पर वार किए गए। इसके बाद कथित तौर पर कपड़े से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

घटना के दौरान परिवार के एक मुंहबोले भाई के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में सभी घटनाक्रम और आरोपों की जांच कर रही है।

पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा

वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता भगवान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चाचा संतोष सिंह की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर मामले को ऑनर किलिंग से जोड़कर देखा है। हालांकि हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस अब छोटी बेटी के साथ हुई मारपीट और परिवार से जुड़े पुराने विवादों की भी जांच कर रही है। मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Share this story

Tags