मध्य प्रदेश के खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप, 5 सेकंड तक कांपी धरती; घरों से बाहर निकले लोग, स्कूलों में भी मची हलचल
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह अचानक आए भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर धरती में कंपन महसूस हुआ। कई इलाकों में करीब 5 सेकंड तक जमीन हिलती रही। घरों में रखे बर्तन, खिड़कियां और अलमारियां तक हिलने लगीं। घबराए लोग अपने परिवार के सदस्यों के साथ घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर भागे।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 दर्ज की गई। इसका केंद्र खरगोन में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप का समय सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड दर्ज किया गया। केंद्र के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इसका स्थान इंदौर से करीब 129 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में था।
जैतापुर सहित कई इलाकों में महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके खरगोन शहर के जैतापुर क्षेत्र सहित कई रिहायशी कॉलोनियों और आसपास के ग्रामीण इलाकों में महसूस किए गए। अचानक घरों में कंपन होने से लोग घबरा गए। कुछ स्थानों पर लोगों ने बताया कि बर्तन और घरों में रखा सामान हिलने लगा था। झटके महसूस होते ही लोग बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर घरों से बाहर निकल आए।कई लोग काफी देर तक खुले मैदानों और सड़कों पर खड़े रहे। लोगों के बीच भूकंप को लेकर चर्चा शुरू हो गई। एक-दूसरे को फोन कर लोग अपने परिचितों और रिश्तेदारों का हालचाल लेते नजर आए।
स्कूलों में बच्चों को खुले स्थान पर पहुंचाया
भूकंप का असर स्कूलों में भी देखने को मिला। जैतापुर क्षेत्र के एक स्कूल में कंपन महसूस होने के बाद एहतियात के तौर पर बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकालकर खुले स्थान पर खड़ा किया गया। स्कूल प्रबंधन ने किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए यह कदम उठाया।
पुलिस अधीक्षक के बंगले की खिड़कियां और अलमारी भी हिलीं
भूकंप के झटके इतने स्पष्ट थे कि खरगोन के पुलिस अधीक्षक के बंगले में भी खिड़कियां और अलमारी हिलने लगीं। पुलिस अधीक्षक ने भी भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी दी। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी धरती में कंपन महसूस किए जाने की खबरें सामने आईं।
फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
भूकंप के बाद लोगों में कुछ समय तक दोबारा झटके आने की आशंका बनी रही। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।गौरतलब है कि खरगोन जिले में इससे पहले 18 अक्टूबर 2026 को भी 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। शनिवार को आए 4.5 तीव्रता के झटकों ने एक बार फिर क्षेत्र के लोगों को डरा दिया।

