ईद मिलादुन्नबी की तैयारी के दौरान युवक को पेट्रोल डालकर जलाया, फुटेज में देंखे बचाने में 3 लोग भी झुलसे
मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र के अलहौवा गांव में ईद मिलादुन्नबी की तैयारियों के दौरान एक युवक को पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे बचाने की कोशिश कर रहे तीन अन्य लोग भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। सभी चारों घायलों को उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्य रूप से झुलसे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व मनाया जाना है। इसी को लेकर सोमवार शाम अलहौवा गांव में लोग पर्व की तैयारियों में जुटे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान शाम करीब 7 बजे गांव का रहने वाला राम रहीस जायसवाल पेट्रोल लेकर वहां पहुंचा।
आरोप है कि राम रहीस ने अजहरुद्दीन उर्फ आजू पर पेट्रोल छिड़क दिया और इसके बाद उसे आग लगा दी। अचानक आग की लपटों में घिरे अजहरुद्दीन को देखकर वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अजहरुद्दीन का भाई अतीक अहमद भी आग की चपेट में आ गए और झुलस गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की और सभी घायलों को उपर के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अजहरुद्दीन के शरीर पर आग से गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अन्य तीन घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पर्व की तैयारियों के दौरान हुई घटना
बताया जा रहा है कि बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व होने के कारण गांव में सोमवार शाम से ही तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान हुई इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी और घायल युवक के बीच पहले से किसी तरह का विवाद था या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना में झुलसे चारों लोगों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। अजहरुद्दीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति पर भी चिकित्सक नजर बनाए हुए हैं।फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस सतर्क है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

