Samachar Nama
×

बैतूल पहुंचे CM मोहन यादव, 3 जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेंगे 30 करोड़ रुपए: कार्यक्रम के चलते शहर में ट्रैफिक डायवर्ट

बैतूल पहुंचे CM मोहन यादव, 3 जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेंगे 30 करोड़ रुपए: कार्यक्रम के चलते शहर में ट्रैफिक डायवर्ट

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बैतूल पहुंचे। यहां आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के तीन जिलों के करीब 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जाएगी। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के दौरे और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े परिवारों के लिए यह राशि आर्थिक सहायता के रूप में दी जाएगी। तेंदूपत्ता संग्राहक जंगलों से पत्तियां इकट्ठा कर बीड़ी निर्माण के लिए उपलब्ध कराते हैं। इस काम से बड़ी संख्या में ग्रामीण और आदिवासी परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बैतूल दौरे के दौरान तेंदूपत्ता संग्राहकों के अलावा ग्राम वन समितियों को भी आर्थिक लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री समितियों को 13 करोड़ रुपए से अधिक का काष्ठ लाभांश वितरित करेंगे। इसके साथ ही बैतूल जिले में 443 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।

सात वन मंडलों के संग्राहकों को मिलेगा लाभ

बोनस राशि का लाभ दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा, पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा। राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

शहर में ट्रैफिक डायवर्ट, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

मुख्यमंत्री के दौरे और कार्यक्रम को देखते हुए बैतूल यातायात पुलिस ने शहर में विशेष व्यवस्था लागू की है। 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से एलबी लॉन, कुंवर मैरिज लॉन आठनेर रोड, बटरफ्लाई स्क्वायर, चिचोली चौराहा, भारत भारती और हमलापुर चौक से भारी वाहनों का शहर की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।इसके अलावा हेलीपैड से तितली चौराहा, करबला, अंडरब्रिज, विजय भवन, मैकेनिक चौक, गुरुद्वारा रोड होते हुए पीडब्ल्यूडी चौक तक नो-व्हीकल जोन निर्धारित किया गया है। कारगिल चौक से मैकेनिक चौक और मैकेनिक चौक से करबला होते हुए तितली चौराहा तक भी सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाली बसों के लिए पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

Share this story

Tags