प्रदेश में होगी मुख्यमंत्री सुगम बस योजना की शुरूआत, CM बोले- कृषि आधारित उद्योग लगाने पर 50% सब्सिडी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गाडरवाड़ा के नागरिकों के साथ उनका और राज्य सरकार का विकास और विश्वास का रिश्ता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के किसानों को कृषि आधारित उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि उद्योग मेले भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश में कृषि आधारित उद्योग लगाने वाले किसानों को 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी। कृषि उद्योग से संबंधित रोजगारोन्मुखी कारखाने बनाए जाएंगे, जहां श्रमिकों को हर महीने पांच हजार रुपए भी दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गाडरवाड़ा में गौशाला निर्माण और प्रदेशवासियों को सुगम परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। सोमवार को नरसिंहपुर जिले के गाडरवाड़ा में भूमिपूजन और विकास कार्यों का लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया।
नई पीढ़ी को शिक्षित करने का अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नव प्रवेशित बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें पुस्तकें भेंट कीं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा देने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे बच्चे देश के लोकतंत्र, सभ्यता और संस्कृति को जान सकें और अपने उज्ज्वल भविष्य का सपना साकार कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह द्वारा जिले के विकास के लिए दिए गए प्रस्तावों को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा कनेक्शन दिए जाएंगे, जिससे किसानों को बिजली की समस्या से राहत मिलेगी।
प्रदेश में शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम बस योजना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही पूरे प्रदेश में "मुख्यमंत्री सुगम बस योजना" शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य परिवहन निगम पूरे प्रदेश में फिर से बसें चलाएगा। उन्होंने कहा कि स्याखेड़ा में 132 केवी का विद्युत सबस्टेशन बनाया जाएगा। उन्होंने 60 करोड़ रुपए की लागत से 20 किलोमीटर लंबी चिचली-सालीचोका सड़क और 27 करोड़ रुपए की लागत से अर्जुनगांव से गाडरवाड़ा तक 17.50 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांसा और पीतल का उपयोग किया जाना चाहिए, इससे चिचली के आसपास के हमारे भाई-बहनों को काम मिलेगा।