
परवलिया क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक बस चालक की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब बस चालक बस रोककर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसकी टक्कर विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से हो गई। वहीं, खजूरी सड़क इलाके में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक देवेन्द्र बैरागी (41) मूलतः विदिशा जिले के पीपलखेड़ा गांव का निवासी था। वर्तमान में वह खजूरी सड़क थाने के भौरी गांव के पास रहता था और पेशे से बस चालक था। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को वह ड्यूटी के बाद बस को पार्क कर बाइक से घर लौट रहा था। तारा सेवनिया के पास विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में देवेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल हो गया।
खजूरी में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक और युवक की मौत
इधर, खजूरी पुलिस ने एक अन्य दुर्घटना की जानकारी दी। मृतक अमर सिंह सेहरिया (45) बैरसिया थाना अंतर्गत सोनकच्छ गांव का निवासी था और मजदूरी करता था। 11 अप्रैल की रात वह ट्रैक्टर पर भूसा लादकर खजूरी सड़क इलाके में पहुंचा। एक दुकान पर चाय पीने के बाद वह सड़क किनारे शौचालय का उपयोग कर रहा था, तभी चालक ने गियर में खड़े ट्रैक्टर को स्टार्ट कर दिया। ट्रैक्टर आगे बढ़ गया और अमर सिंह को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।