इंदौर में हैवानियत, टाउनशिप में घुसने से रोका तो चौकीदार को कार से कुचला, वीडियो में देंखे दो बार रौंदकर भागा आरोपी
इंदौर के लसूड़िया इलाके में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। टाउनशिप में कार लेकर जबरन घुसने से रोकने पर एक युवक ने चौकीदार के साथ पहले मारपीट की और फिर कार से उसे कुचल दिया। आरोप है कि आरोपी ने चौकीदार को एक बार नहीं, बल्कि दो बार कार से रौंदा और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल चौकीदार को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में चौकीदार का रिश्तेदार भी घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि टाउनशिप में प्रवेश को लेकर चौकीदार और कार सवार आरोपी के बीच विवाद हुआ था। चौकीदार ने आरोपी को कार लेकर जबरन अंदर जाने से रोक दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी भड़क गया और उसने चौकीदार के साथ बदसलूकी करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया।
थप्पड़ मारने के बाद कार से लौटकर किया हमला
विवाद के दौरान मामला शांत होने के बजाय और गंभीर हो गया। आरोप है कि थप्पड़ मारने के बाद आरोपी कुछ दूरी पर गया और फिर अपनी कार मोड़कर वापस आया। उसने कार की रफ्तार बढ़ाकर चौकीदार और उसके रिश्तेदार को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी इतने पर भी नहीं रुका। वह दोबारा कार लेकर मौके पर वापस आया और चौकीदार को फिर से कार से कुचल दिया। इसके बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। घटना के बाद टाउनशिप में हड़कंप मच गया।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल चौकीदार को संभाला और पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल चौकीदार को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उसकी हालत बेहद गंभीर थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।हादसे में चौकीदार का रिश्तेदार भी घायल हुआ है। उसका इलाज कराया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान और घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में मदद मिल सकती है।पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह टाउनशिप में कार से जबरन प्रवेश करने से रोकना सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और आरोपी की पहचान की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही करेगी।चौकीदार की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा है। वहीं, इतनी मामूली बात पर विवाद के बाद कार से बार-बार कुचलने की घटना ने इलाके के लोगों को भी झकझोर दिया है। पुलिस अब आरोपी को गिरफ्तार कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

