MP में 3 दिन हिल स्टेशन से चलेगी सरकार, अमित शाह देंगे गुरुमंत्र, क्या है BJP का मेगा प्लान
प्रदेश भाजपा के सभी 201 सांसदों और विधायकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार से पचमढ़ी में शुरू होगा। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल में इस तरह की कक्षाएं नियमित रूप से लगती रहती हैं। शाह शनिवार दोपहर 1.55 बजे भोपाल पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे वे पचमढ़ी के लिए रवाना होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव भी रहेंगे। अमित शाह करेंगे उद्घाटन, राजनाथ सिंह करेंगे समापन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन और राजनाथ सिंह इसका समापन करेंगे। इसमें पार्टी के 201 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सत्र में सत्ता और संगठन से जुड़े विषयों पर करीब 24 सत्र होंगे। सत्र के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सभी कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक तीन दिन तक शिविर में रहेंगे। मां के नाम पर एक पेड़ खास बात यह है कि पूरे आयोजन स्थल को प्लास्टिक मुक्त बनाया गया है। पर्यावरण बचाने का विशेष संदेश देते हुए सभी सांसद और विधायक मां के नाम पर एक पौधा लगाएंगे। जल संरक्षण समेत पर्यावरण बचाने के लिए विशेष सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में पीएम मोदी की 11 साल की उपलब्धियों और जनसंघ से भाजपा तक के सफर को प्रदर्शनी के जरिए दिखाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों के गले में विशेष पट्टे नजर आएंगे। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के मुताबिक सत्र में सैद्धांतिक, व्यावहारिक और अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

