फर्जी NEET पेपर मामले में बड़ा खुलासा: सोशल मीडिया फेम के लिए रचा गया था खेल
फर्जी NEET प्रश्न पत्र बेचने के आरोप में गिरफ्तार इंदौर के लॉ स्टूडेंट अक्षय मालवीय ने पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।आरोपी ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर एक फर्जी प्रश्न पत्र की स्टोरी पोस्ट की थी, जिसे करीब 8 हजार लाइक्स मिले थे। इसके बाद उसे सैकड़ों मैसेज आने लगे, जिससे वह सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो गया।
पूछताछ में अक्षय मालवीय ने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया पर फेमस होना चाहता था। लगातार बढ़ते लाइक्स और मैसेज ने उसका उत्साह बढ़ाया और उसी के चलते वह इस तरह की गतिविधियों में शामिल होता गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने लोकप्रियता और ध्यान आकर्षित करने के लिए फर्जी कंटेंट फैलाने की कोशिश की, जो बाद में गंभीर अपराध के दायरे में आ गया।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं तथा क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ और उसके खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

