सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा एक्शन, फुटेज में देंखे मुख्य आरोपियों के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर; 3 मकान भी तोड़े गए
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने वार्ड नंबर 11 और 12 में पहुंचकर मुख्य आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की। इस दौरान तीन जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध हिस्सों को गिराया गया।कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आसपास की गलियों को बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया था। स्थानीय लोगों को घरों में रहने के निर्देश दिए गए थे, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
चंद्रभान सिंह राजपूत और आशीष साहू के ठिकानों पर कार्रवाई
प्रशासन की टीम ने जहरीली शराब मामले के मुख्य आरोपी और करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। इसके अलावा आरोपी आशीष साहू के अवैध निर्माण को भी हटाया गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पूरे इलाके में निगरानी के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
मनीष लोधी के तीन मकानों के अवैध हिस्से गिराए
बुलडोजर कार्रवाई केवल मुख्य आरोपियों तक सीमित नहीं रही। प्रशासन ने मनीष लोधी के तीन मकानों के अवैध हिस्सों को भी गिराया। अधिकारियों के अनुसार अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई नियमों के तहत की गई।
जहरीली शराब से मौतों का आंकड़ा बढ़ा
बता दें कि सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से मौतों का मामला सामने आया था। इस घटना में मौतों का आंकड़ा 28 तक पहुंचने की बात कही जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक 15 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की गई है।घटना के बाद प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ आरोपियों की संपत्तियों की जांच भी की जा रही है।
इलाके में पुलिस की सख्त निगरानी
गुरुवार की कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। गलियों को बंद कर सुरक्षा घेरा बनाया गया था। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

