Samachar Nama
×

भोपाल बना देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर, राष्ट्रपति ने सौंपा पुरस्कार

भोपाल बना देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर, राष्ट्रपति ने सौंपा पुरस्कार

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल ने स्वच्छता की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के परिणामों में भोपाल को देश का दूसरा सबसे साफ शहर घोषित किया गया है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि भोपाल के लिए बेहद खास है, क्योंकि इस बार शहर ने तीन स्थानों की छलांग लगाते हुए यह मुकाम हासिल किया है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में भोपाल को यह स्थान मिला है।

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने यह सम्मान भोपाल नगर निगम की टीम को सौंपा। समारोह में भोपाल की महापौर मालती राय और नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण विशेष रूप से शामिल हुए। राजधानी की इस सफलता को लेकर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और शहरवासी उत्साह में हैं।

महापौर मालती राय ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा कि, "यह सम्मान हर भोपालवासी की जागरूकता और नगर निगम की मेहनत का परिणाम है। हमने सफाई व्यवस्था को लेकर कई नवाचार किए, जिसमें नागरिकों का सहयोग अहम रहा।" वहीं निगमायुक्त हरेंद्र नारायण ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सैगग्रेगेशन, कंपोस्टिंग और स्वच्छता से जुड़े अभियान को जन आंदोलन की तरह चलाया गया।

भोपाल की सफलता की एक बड़ी वजह नगर निगम की सक्रियता, जनजागरूकता अभियान और तकनीकी नवाचार भी हैं। शहर में स्वच्छता एप से शिकायतों का त्वरित निपटारा, कचरा संग्रहण में आधुनिक वाहनों का उपयोग और नियमित मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ा गया।

राजधानी को यह सम्मान मिलने के बाद पूरे राज्य में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भोपालवासियों को बधाई दी है। अब लक्ष्य है कि अगले वर्ष भोपाल पहला स्थान प्राप्त करे।

Share this story

Tags