मुहर्रम जुलूस के दौरान लाठी-डंडों से हमला, घटना का वीडियो आया सामने; पुलिस में अब तक शिकायत न
मध्य प्रदेश के उज्जैन में मुहर्रम जुलूस के दौरान हुई कथित हिंसा का एक और वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 25 जून का है और नई सड़क इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लिए खड़े दिखाई देते हैं और जुलूस के वहां पहुंचते ही लोगों पर हमला करते नजर आते हैं।वीडियो के अनुसार, हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हमलावर मौके से फरार
वीडियो में कुछ लोग हमलावर युवकों का पीछा करते हुए भी दिखाई देते हैं, लेकिन सभी आरोपी मौके से भाग निकलते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं
फिलहाल, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक मामला दर्ज किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस वीडियो की सत्यता और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि की पुष्टि होती है, तो उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

