Samachar Nama
×

इंदौर कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ ने गाया प्रतिबंधित गाना 'पटियाला पेग', बाल संरक्षण अधिकारी के निर्देशों की अनदेखी का आरोप

इंदौर कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ ने गाया प्रतिबंधित गाना 'पटियाला पेग', बाल संरक्षण अधिकारी के निर्देशों की अनदेखी का आरोप

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का 15 नवंबर को इंदौर में आयोजित लाइव कार्यक्रम विवादों में आ गया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी के निर्देशों के बावजूद दिलजीत ने कार्यक्रम में अपना चर्चित गाना 'पटियाला पेग' गाया। इस गाने को उन चार गानों में शामिल किया गया था, जिन्हें कार्यक्रम में प्रस्तुत नहीं करने के निर्देश आयोजकों को दिए गए थे। घटना के बाद मामला चर्चा में है।

चार गानों को नहीं गाने के दिए गए थे निर्देश

जिला बाल संरक्षण अधिकारी राजनेश सिन्हा ने 6 नवंबर को कार्यक्रम स्थल के प्रबंधन को पत्र लिखकर चार गानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। इनमें 'पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'केस (जेब विच्चों अफीम लभिया)' और 'जट्ट फायर करदा' शामिल थे।अधिकारी ने इन गानों के बोल को बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला बताया था। कार्यक्रम में पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति थी। इसी आधार पर आयोजकों से इन गानों को प्रस्तुत नहीं करने के लिए कहा गया था।

प्रोफेसर की शिकायत के बाद जारी हुआ था पत्र

चंडीगढ़ के प्रोफेसर पंडितराव धरेनवर की शिकायत के बाद बाल संरक्षण अधिकारी ने यह निर्देश जारी किए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इन गानों में शराब, नशे और हिंसा को बढ़ावा दिया जाता है। पत्र में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 2019 के आदेश का भी उल्लेख किया गया था।

अधिकारी बोले- आदेश की जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

कार्यक्रम में 'पटियाला पेग' गाए जाने के बाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी राजनेश सिन्हा ने कहा कि आगे की कार्रवाई से पहले हाईकोर्ट के आदेश का अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता से भी आदेश की प्रति मांगी गई है। इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इंदौर के कार्यक्रम में गाना प्रस्तुत करना हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन था या नहीं।दिलजीत ने कार्यक्रम का एक प्रशंसक द्वारा बनाया गया वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर भी साझा किया था।

Share this story

Tags