भाजपा में इस सीट के लिए कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक आशीष अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष विनोद गोटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ और पूर्व मंत्री रंजना बघेल के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। तमिलनाडु भाजपा की पूर्व विधायक वनथी श्रीनिवासन का नाम भी चर्चा में है। हालांकि, पार्टी ने अब तक किसी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
12 नवंबर को होगा मतदान
भारत निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार, इस उपचुनाव के लिए 26 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर है। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान की जरूरत पड़ने पर 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी की जानी है।
नए सांसद का कार्यकाल 2030 तक
एल. मुरुगन ने 14 अक्टूबर 2026 को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था। ऐसे में उपचुनाव में निर्वाचित होने वाला नया सदस्य शेष अवधि के लिए राज्यसभा में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा।अब सभी की नजर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर है। पार्टी प्रदेश के किसी नेता को मौका देती है या किसी दूसरे राज्य के नेता को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजती है, यह उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही इस सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

