सतना में 6 साल की मासूम से रेप की कोशिश, रिश्तेदार के घर से बहला-फुसलाकर ले गया आरोपी; पुलिस ने देर रात पकड़ा
मध्य प्रदेश के सतना जिले में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। घटना कोलगवां थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आरोप है कि आरोपी बच्ची को उसके रिश्तेदार के घर से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को सोमवार देर रात हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, बालिका अपने रिश्तेदार के घर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे किसी बहाने से अपने साथ ले गया। कुछ समय बाद जब बच्ची के परिजनों को मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
कोलगवां थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने जांच और पूछताछ के बाद आरोपी को देर रात पकड़ लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ ही पीड़ित बालिका और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश
मासूम बच्ची से जुड़ी इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी संवेदनशीलता के साथ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

