इंदौर में कचरे के ढेर में आग के बीच जिंदा जलता मिला युवक, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक खाली प्लॉट पर कचरे के ढेर में लगी आग के बीच एक युवक जलता हुआ मिला। घटना देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच है। उसका शरीर लगभग 100 प्रतिशत तक जल चुका है, जिसके कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। घटना सिग्नेचर हाइट्स बिल्डिंग के सामने आरई-2 रोड के पास स्थित खाली प्लॉट की है।
हत्या, हादसा या आत्महत्या की जांच
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि युवक वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा था। क्या वह खुद कचरे के ढेर तक पहुंचा या किसी ने उसे वहां लाकर जलाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और सैंपल जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मृतक की पहचान करना पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।

