Samachar Nama
×

सागर के अस्पताल के ICU में भर्ती 10वीं की छात्रा से वार्ड बॉय ने की छेड़छाड़, CCTV में कैद हुई घटना; आरोपी बर्खास्त

सागर के अस्पताल के ICU में भर्ती 10वीं की छात्रा से वार्ड बॉय ने की छेड़छाड़, CCTV में कैद हुई घटना; आरोपी बर्खास्त

मध्य प्रदेश के सागर जिले के एक निजी अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां बरगद अस्पताल के ICU में भर्ती 16 साल की दसवीं कक्षा की छात्रा के साथ वार्ड बॉय ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की। आरोप है कि वार्ड बॉय ने छात्रा का हाथ पकड़ा, उसे गलत तरीके से छुआ और मोबाइल नंबर मांगा। पूरी घटना अस्पताल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। अस्पताल प्रबंधन ने उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।

हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में हुई थी भर्ती

जानकारी के मुताबिक, छात्रा अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर लौट रही थी। रास्ते में बरौदा के पास उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया था। हादसे में घायल होने के बाद परिजन उसे बरगद अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने 20 नवंबर को उसे ICU में भर्ती किया था।

सुबह 4:15 बजे की घटना CCTV में कैद

छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे वह अस्पताल के बेड पर सो रही थी। इसी दौरान वार्ड बॉय राजा बंसल उसके पास पहुंचा और उसका हाथ पकड़ लिया। छात्रा की नींद खुलने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसे कंबल के ऊपर से गलत तरीके से छुआ। उसने छात्रा से कहा कि वह उसे अच्छी लगती है और उससे बात करना चाहता है। इसके बाद उसने मोबाइल नंबर मांगा।

छात्रा ने नंबर देने से इनकार कर दिया, लेकिन आरोप है कि वार्ड बॉय ने दोबारा उसके साथ गलत हरकत की और वहां से चला गया। घटना के समय परिवार का कोई सदस्य उसके पास मौजूद नहीं था।

बुआ की बेटी को बताई आपबीती, परिजनों ने किया हंगामा

घटना के बाद छात्रा डर गई और उसने तत्काल किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में जब उसकी बुआ की बेटी अस्पताल पहुंची तो छात्रा ने उसे पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के सामने विरोध जताया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज, आरोपी की तलाश

सिविल लाइन थाना पुलिस ने छात्रा के बयान और शिकायत के आधार पर वार्ड बॉय राजा बंसल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर भी जांच कर रही है। अस्पताल प्रबंधन ने आरोपी कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share this story

Tags