जबलपुर में नर्मदा नदी में 8 होमगार्ड जवानों से भरी मोटरबोट डूबी, वीडियो में जाने इंजन खराब होने से हुआ हादसा
जबलपुर के गौरीघाट में शुक्रवार को नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। होमगार्ड के 8 जवानों को लेकर जा रही मोटरबोट अचानक नदी के बीच बहाव में डूब गई। बरगी बांध के गेट खुलने के बाद नर्मदा के घाटों पर जारी अलर्ट के तहत जवान पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोटरबोट के इंजन में अचानक खराबी आ गई और उसमें पानी भरने लगा। देखते ही देखते बोट डूबने लगी, जिसके बाद जवानों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सभी जवानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इंजन खराब होने के बाद बोट में भरने लगा पानी
जानकारी के मुताबिक, बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा नदी के जलस्तर और ज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने घाटों पर अलर्ट जारी किया था। इसी के तहत होमगार्ड की टीम को ग्वारीघाट में तैनात किया गया था। जवान मोटरबोट के जरिए नदी में पेट्रोलिंग कर रहे थे।इसी दौरान नदी के बीच अचानक मोटरबोट का इंजन खराब हो गया। इंजन बंद होने के बाद बोट में पानी भरने लगा। तेज बहाव के बीच बोट को संभालना मुश्किल हो गया और कुछ ही देर में वह नदी में डूब गई।
कुछ जवान तैरकर बाहर निकले, नाविकों ने भी बचाया
बोट डूबने लगी तो उसमें सवार जवानों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ जवानों ने पानी में छलांग लगाकर तैरते हुए सुरक्षित किनारे तक पहुंचने की कोशिश की। वहीं, मौके पर मौजूद स्थानीय नाविक भी मदद के लिए आगे आए और कुछ जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला।सभी जवानों के सुरक्षित होने की जानकारी है। हादसे में किसी जवान की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। राहत की बात यह भी रही कि सभी जवान लाइफ जैकेट पहने हुए थे, जिससे उनकी जान बचाने में मदद मिली।
नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे
होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर ने बताया कि सभी जवान ड्यूटी पर थे और लाइफ जैकेट पहने हुए थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि मोटरबोट में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक लोग सवार थे।प्राथमिक जांच में हादसे की वजह चालक की गलती भी सामने आई है। कमांडेंट के मुताबिक, इस संबंध में चालक से पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद मोटरबोट पूरी तरह नदी में डूब गई।
स्थानीय लोगों ने बताया- 10 से 11 लोग थे सवार
हादसे को लेकर स्थानीय लोगों का दावा है कि मोटरबोट में 8 वानों के अलावा भी कुछ लोग मौजूद थे। उनके मुताबिक, नाव में कुल 10 से 11 लोग सवार थे। हालांकि अधिकारियों की ओर से 8 होमगार्ड जवानों के सवार होने की जानकारी दी गई है।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि मोटरबोट में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को क्यों बैठाया गया और पेट्रोलिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं।बरगी बांध के गेट खुलने के बाद नर्मदा में बढ़े जलप्रवाह को देखते हुए घाटों पर पहले से अलर्ट जारी है। ऐसे में मोटरबोट हादसे ने नदी में पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

