मुरैना में शराब ठेकेदार के घर 6 राउंड फायरिंग, CCTV में कैद हुए बाइक सवार बदमाश
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शराब ठेकेदार के घर पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने घर के बाहर 6 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर शराब ठेकेदार के घर पहुंचे। उन्होंने कुछ ही सेकंड में लगातार फायरिंग की और फिर तेजी से घटनास्थल से भाग निकले। फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।
फुटेज में तीन बाइक सवार बदमाश वारदात के बाद तेजी से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश, रंगदारी या अन्य आपराधिक एंगल की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

