मध्य प्रदेश में आकाशीय बिजली से 3 मौतें, बिहार में 5 की जान गई; वीडियो में देंखे उत्तराखंड में नदियां उफान पर
देशभर में मानसून के सक्रिय होते ही कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि बिजली गिरने और नदियों के उफान से कई दर्दनाक हादसे सामने आए हैं।
मध्य प्रदेश में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच हरदा और खरगोन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं बैतूल जिले में बिजली गिरने की घटना में एक ही परिवार के चार सदस्य झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।इसके अलावा, प्रदेश में तेज बारिश के चलते चंपा नदी उफान पर आ गई। नदी पार करते समय बाइक समेत दो युवक तेज बहाव में बह गए। दोनों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
बिहार में भी बिजली बनी जानलेवा
बिहार में भी खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।
उत्तराखंड में उफान पर नदियां, राफ्टिंग पर लगी रोक
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। देहरादून में रिस्पना नदी उफान पर बह रही है, जबकि रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने से संगम की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं।वहीं, गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने ऋषिकेश में मंगलवार शाम से 31 अगस्त तक राफ्टिंग पर प्रतिबंध लगा दिया है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों से नदी किनारे सावधानी बरतने की अपील की गई है।
इन राज्यों में पहुंचा मानसून
मंगलवार दोपहर मानसून ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी दस्तक दे दी। इसके साथ ही मानसून अब तक देश के 26 राज्यों को कवर कर चुका है।इससे पहले 24 जून को मानसून ने मध्य प्रदेश और गुजरात में प्रवेश किया था। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक रूप से जलभराव या नदी-नालों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

