भोपाल में जुटेंगी दो लाख महिलाएं, पीएम मोदी के साथ मंच साझा करेंगे 24 विशिष्टजन

भोपाल में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, महिला केंद्रीय मंत्री, राज्य की महिला मंत्री, महिला सांसद-विधायक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और दोनों उपमुख्यमंत्री समेत 24 प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी। राज्य सरकार ने इस संबंध में पीएमओ को प्रस्ताव भेजा है, जिसे एक-दो दिन में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। सम्मेलन में मध्य प्रदेश के 16 जिलों से दो लाख महिलाओं को लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 5 हजार बसें अधिग्रहित की गई हैं, जिनमें से 710 बसें भोपाल से रवाना होंगी। बसों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते कुल 7 हजार बसों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। संगठनात्मक तैयारियां जोरों पर भारतीय जनता पार्टी ने सम्मेलन में महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष समेत सभी महिला जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है। 200 किलोमीटर के दायरे वाले जिलों से महिलाओं को भोपाल लाया जाएगा। एक बस में 40 महिलाएं होंगी और हर बस में एक गाइड तैनात रहेगा, जो लौटते समय व्यवस्थाओं का ध्यान रखेगा, ताकि ट्रैफिक जाम न हो। महिलाओं को बस में ही नाश्ता और खाना दिया जाएगा। जंबूरी मैदान में तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। वीआईपी पार्किंग मुख्य पंडाल के पास होगी, जबकि अन्य पार्किंग महात्मा गांधी स्कूल परिसर और भेल दशहरा मैदान में की गई है। 1000 अस्थायी शौचालय बनाए जा रहे हैं। एयरपोर्ट रोड से जंबूरी मैदान तक हर चौराहे पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
महिलाओं को सौंपी जाएंगी जिम्मेदारियां
भाजपा प्रदेश कार्यालय में लगातार बैठकें चल रही हैं। इसमें प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और महामंत्री भगवानदास सबनानी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। हर प्रमुख व्यवस्था (आवास, भोजन, मंच, चिकित्सा आदि) के लिए 1 प्रभारी और 10 सहायक नियुक्त किए गए हैं। हर गेट पर दो महिला कर्मचारी तैनात रहेंगी। गुरुवार को भोपाल जिले की बैठक में महिलाओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। जिला स्तर पर भी सूची भेजी जाएगी, जिसमें नाम व मोबाइल नंबर सहित जानकारी होगी कि किस महिला को क्या जिम्मेदारी सौंपी गई है।