इंदौर में कारोबारी के घर से 1.34 किलो सोने-हीरे के जेवर गायब, तिजोरी खोलते ही उड़े होश
मध्य प्रदेश के इंदौर में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। शहर के पॉश इलाके वाईएन रोड पर रहने वाले एक सरकारी कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर्स के घर की तिजोरी से करीब 1 किलो 340 ग्राम सोने और हीरे के कीमती जेवरात गायब हो गए। घटना का पता शुक्रवार को उस समय चला, जब कारोबारी की पत्नी ने तिजोरी खोली।
तिजोरी में रखे कीमती जेवरात गायब देखकर महिला के होश उड़ गए। इसके बाद घर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि गायब हुए जेवरात में सोने और हीरे के आभूषण शामिल हैं, जिनकी कीमत काफी अधिक बताई जा रही है।
पॉश इलाके में कारोबारी के घर से इतनी बड़ी मात्रा में जेवरात गायब होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल इस मामले में चोरी कैसे हुई और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।

