Samachar Nama
×

कर्नाटक में बड़ा सियासी उलटफेर! सिद्धारमैया ने इस्तीफे का किया ऐलान, वीडियो में देंखे डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री

कर्नाटक में बड़ा सियासी उलटफेर! सिद्धारमैया ने इस्तीफे का किया ऐलान, वीडियो में देंखे डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री

कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया। उनके इस फैसले के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है और अब सबकी नजर कांग्रेस नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि डिप्टी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं।जानकारी के मुताबिक, सिद्धारमैया ने बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर मंत्रियों के साथ एक अहम ब्रेकफास्ट मीटिंग बुलाई थी। इस बैठक में उन्होंने अपने इस्तीफे के फैसले की जानकारी कैबिनेट सहयोगियों को दी। बैठक में मौजूद कई मंत्री इस फैसले से भावुक नजर आए, जबकि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।

बैठक में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी पहुंचे। इस दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें गले लगा लिया। दोनों नेताओं की यह तस्वीर अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे सत्ता हस्तांतरण के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।कांग्रेस विधायक अशोक पत्तन ने भी संकेत दिए कि डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो फैसला करेगा, सभी विधायक उसका समर्थन करेंगे। हालांकि कांग्रेस हाईकमान की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, सिद्धारमैया ने अपने इस्तीफे को लेकर राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात के लिए समय मांगा था। लेकिन राज्यपाल फिलहाल पारिवारिक कारणों से बेंगलुरु से बाहर बताए जा रहे हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा सीधे राजभवन कार्यालय को सौंप सकते हैं।कर्नाटक में पिछले कुछ समय से नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं लगातार चल रही थीं। कांग्रेस सरकार बनने के बाद से ही सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर समझौते की अटकलें लगाई जाती रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी अब संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाने के लिए यह बदलाव कर सकती है।

डीके शिवकुमार को कांग्रेस का मजबूत रणनीतिकार माना जाता है। राज्य में कांग्रेस की सत्ता वापसी में उनकी अहम भूमिका रही थी। ऐसे में अगर उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो यह उनके लंबे राजनीतिक सफर का बड़ा पड़ाव होगा।सिद्धारमैया के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद कर्नाटक की राजनीति पूरी तरह गर्मा गई है। विपक्षी दल भी इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। भाजपा और जेडीएस नेताओं ने कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि कांग्रेस हाईकमान कर्नाटक की कमान किसे सौंपता है। आने वाले कुछ घंटे राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।

Share this story

Tags