Samachar Nama
×

यंग गर्ल्स को फंसाते हैं और...झारखंड में 'ड्रग्स क्वीन' का आतंक, फीमेल पैडलर्स बनीं रांची पुलिस के लिए सिरदर्द  

यंग गर्ल्स को फंसाते हैं और...झारखंड में 'ड्रग्स क्वीन' का आतंक, फीमेल पैडलर्स बनीं रांची पुलिस के लिए सिरदर्द

झारखंड में नशे का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. राजधानी रांची में सबसे ज्यादा ब्राउन शुगर का इस्तेमाल हो रहा है. वैसे तो पिछले 1 साल में रांची पुलिस ने बड़े पैमाने पर नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई की है, लेकिन हाल के दिनों में नशे के सौदागरों ने ब्राउन शुगर को खपाने का नया तरीका खोज निकाला है, जो चौंकाने वाला है. दरअसल नशे के कारोबार में महिलाओं के उतरने से रांची पुलिस की चिंता बढ़ गई है. महिला नशा तस्करों की लगातार गिरफ्तारी से पुलिस हैरान है. पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए नशा तस्कर महिलाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं. खास बात यह है कि नशे की तस्करी के लिए कम उम्र की लड़कियों को इस धंधे में शामिल करने के लिए पहले उन्हें नशे का आदी बनाया जाता है. बता दें कि साल 2023 में रांची के पंडरा इलाके से 100 पैकेट ब्राउन शुगर के साथ मां-बेटी को गिरफ्तार किया गया था. दो साल पहले मशहूर मॉडल ज्योति भारद्वाज को पुलिस ने नशे की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था. इस धंधे में 12 से ज्यादा महिलाएं शामिल बताई जाती हैं. खास बात यह है कि जेल से बाहर आने के बाद मॉडल ज्योति भारद्वाज एक बार फिर इसी धंधे में संलिप्त दिखी। पुलिस ने उसे फिर से गिरफ्तार भी कर लिया। दूसरी बार ज्योति भारद्वाज की मां को भी ड्रग मामले में गिरफ्तार किया गया।

रांची में ब्लैक स्टोन ड्रग्स के साथ गिरफ्तार

वर्ष 2024 में उर्मिला देवी और उसके देवर केश्वर हजाम को बीआईटी ओपी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। देवर-भाभी दोनों मिलकर ड्रग्स बेच रहे थे। वर्ष 2024 में ही दिल्ली के शातिर अपराधी आशीष सैमुअल जॉर्ज उर्फ ​​जॉर्ज बुश को रांची में ब्लैक स्टोन ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था। दो साल पहले झारखंड एटीएस की टीम ने तस्करों के साथ महिला ड्रग तस्कर सुनीता देवी को भी गिरफ्तार किया था। पिछले दो साल की बात करें तो राजधानी रांची में पुलिस ने महिला ड्रग तस्कर रिजवाना ताज, शांति देवी, ज्योति भारद्वाज समेत एक दर्जन महिला ड्रग तस्करों को जेल भेजा है।

महिलाएं बांटती हैं नशा
रांची में पुलिस ने पिछले एक साल के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ रिकॉर्ड कार्रवाई की है, लेकिन नशा कारोबार में महिलाओं के उतरने से पुलिस की चिंता बढ़ गई है। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि कल तक ब्राउन शुगर जैसे नशे का वितरण करने वाली महिलाएं अब सीधे इस गंदे कारोबार में उतर गई हैं। नशे के सौदागर पुलिस को झांसा देने के लिए लगातार महिलाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। महिलाएं अपने कपड़ों में गांजा, अफीम, ब्राउन शुगर और नशीली गोलियां छिपाकर ग्राहकों तक पहुंचाती हैं।

सार्वजनिक जगहों पर जांच करना मुश्किल
रांची में नशा तस्करी का एक और नया मामला सामने आया है। जिसमें ब्राउन शुगर खरीदने और बेचने के लिए तस्कर पहले लड़कियों को प्यार में फंसाते हैं और पैसे कमाने का लालच देकर उन्हें बाजार में ब्राउन शुगर बेचने पर मजबूर करते हैं। पिछले सप्ताह रांची के कोतवाली और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपी सेजल खान और सूरज कुमार ने पूछताछ में इसका खुलासा भी किया है। नशे के कारोबार में शामिल महिलाएं अपने कपड़ों में नशा छिपाकर उसे कम मात्रा में पैक कर बांटती हैं। सार्वजनिक जगहों पर ऐसी महिलाओं की जांच करना काफी मुश्किल है, लेकिन पुलिस ने इसके लिए भी व्यवस्था कर रखी है।

Share this story

Tags