झारखंड के सरकारी स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 2 अप्रैल से शुरू होगा। नया शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू होना था, लेकिन सरहुल अवकाश के कारण स्कूल दो अप्रैल से खुल रहे हैं। सभी सरकारी स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं और परिणाम भी घोषित हो चुके हैं। इधर, इस बार भी नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही बच्चों को पाठ्य पुस्तकें नहीं मिल पाएंगी।
किसी भी जिले में पाठ्य पुस्तकें स्कूलों तक नहीं पहुंची हैं। उम्मीद है कि सरहुल के बाद प्रकाशक प्रखंड स्तर पर स्थित बीआरसी तक किताबें पहुंचा देंगे। वहां से किताबें स्कूलों तक पहुंचाई जाएंगी। सर्व शिक्षा अभियान के तहत कक्षा एक से आठ तक के सभी बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं।
तीन साल बाद सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू होगा
आपको बता दें कि तीन साल बाद सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू होगा। इससे पहले कोरोना के कारण शैक्षणिक सत्र अनियमित हो गया था। वर्ष 2020-21 में कोरोना के कारण स्कूल बंद होने से आगामी शैक्षणिक सत्र एक-एक माह कम कर दिए गए। इसी कारण शैक्षणिक सत्र 2022-23 एक जुलाई से शुरू हुआ। इसी तरह 2023-24 सत्र एक जून से और 2024-25 सत्र एक मई से शुरू हुआ।