झारखंड के बदला मौसम का मिजाज, 2 जून तक इन जिलों में होगी झमाझम बारिश, अलर्ट जारी

राज्य में प्री-मानसून का असर देखने को मिल रहा है। राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में 30 मई से बारिश, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में 30 मई, 31 मई, 1 और 2 जून तक बारिश हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने की संभावना है, जिसके कारण यह जल्द ही राज्य में पहुंच सकता है। मानसून के समय से पहले पहुंचने की सूचना से राज्य के किसानों में खुशी का माहौल है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर आंशिक बादल छाए रहे, जबकि बीच-बीच में धूप और उमस का भी अनुभव हुआ। मौसम केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 30 और 31 मई को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 1 और 2 जून को देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज में भी बारिश होने की संभावना है। यह स्थिति 3 और 4 जून तक बनी रह सकती है। तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 1, 2 और 3 जून के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।