Samachar Nama
×

दिल्ली में 17 जुलाई तक बारिश से राहत नहीं, UP-राजस्थान सहित इन पांच राज्यों में भी अलर्ट

दिल्ली में 17 जुलाई तक बारिश से राहत नहीं, UP-राजस्थान सहित इन पांच राज्यों में भी अलर्ट

इन दिनों देशभर में बारिश देखने को मिल रही है। देश के कई राज्यों में बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज देश की राजधानी दिल्ली में बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। साथ ही, मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश देखने को मिल सकती है।

देश की राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि दिल्ली में मानसून सक्रिय रहेगा। इसकी शुरुआत आज सुबह अच्छी बारिश से होगी। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। आज 25 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने 17 जुलाई तक दिल्ली में बारिश का अनुमान जताया है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश फिर से मूसलाधार बारिश से सराबोर होगा। अगले 24 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। कई जगहों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। पूर्वी यूपी के कई जिलों में आज बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में बारिश

आज पंजाब, हरियाणा, झारखंड और उत्तरी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल में भी बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, गुजरात क्षेत्र, असम और मेघालय में भी कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

पहाड़ी इलाकों का क्या है हाल

पहाड़ी राज्यों के मौसम की बात करें तो यहाँ खराब मौसम ने कहर बरपाया है। पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश देखी गई थी। एक बार फिर हिमालय के पश्चिमी भाग में एक पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। इसके चलते हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश के कारण अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। इस दौरान बादल फटने की भी संभावना है।

Share this story

Tags