हजारीबाग में मंगला जुलूस पर पथराव, पुलिस ने लाठीचार्ज के बाद की हवाई फायरिंग
झारखंड के हजारीबाग में मंगलवार को रामनवमी के अवसर पर मंगला जुलूस निकाला जा रहा था, जिसे लेकर भारी हंगामा हुआ। इस दौरान जुलूस पर पथराव किया गया। मंगला जुलूस हजारीबाग के विभिन्न मुख्य चौराहों से होकर गुजरा। इस बीच, जब जुलूस हजारीबाग के जामा मस्जिद चौक पर पहुंचा तो कुछ असामाजिक तत्वों ने जुलूस पर पथराव शुरू कर दिया।
इस बीच, विवाद इतना बढ़ गया कि वहां भारी भीड़ जमा हो गई और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं। इस दौरान पुलिस ने हवा में चार राउंड फायरिंग की। गोलीबारी के बाद भीड़ तितर-बितर हो गई। बताया जा रहा है कि सांप्रदायिक गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। झगड़े के तुरंत बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं।
घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
जुलूस के दौरान विवाद की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल पर लाठीचार्ज भी किया। इस घटना के बाद स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों ने भी वहां अपना डेरा जमा लिया है। बताया जा रहा है कि इस घटना में असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ भी की है।
आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े।
जुलूस के दौरान अराजकता को रोकने के लिए पुलिस को भीड़ पर आंसू गैस के गोले दागने पड़े। हालाँकि, स्थिति अब नियंत्रण में है। दोनों पक्षों को समझाया गया है। हाल ही में महाशिवरात्रि के अवसर पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान भी दोनों ओर से भारी पथराव हुआ। इसके अतिरिक्त, उस समय आगजनी की घटना भी घटित हुई थी। अब यह विवाद मंगला जुलूस के दौरान हुआ, जिसमें भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं।