48 घंटे में बरपेगा दक्षिण-पश्चिम मानसून का कहर, छत्तीसगढ़ के इन जिलों में भीषण बारिश-तूफान का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून ने पूरी गति पकड़ ली है। दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय हो गया है और अगले कुछ दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक आंधी, तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मौसम में इस बदलाव के लिए जिम्मेदार हैं। इससे पहले बस्तर और सरगुजा संभाग में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। तापमान में भी गिरावट आई है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पकड़ी गति
दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात, विदर्भ, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और बिहार के कई हिस्सों में सक्रिय हो गया है। मानसून की उत्तरी सीमा डीसा, इंदौर, पंचमढ़ी, मंडला, अंबिकापुर, हजारीबाग और सुपौल से गुजर रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में मानसून के छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में पूरी तरह फैल जाने की संभावना है।
निम्न दाब क्षेत्र और ऊपरी वायु परिसंचरण सक्रिय
बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्र में बना निम्न दाब क्षेत्र और 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला चक्रवाती परिसंचरण धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके और शक्तिशाली होने की संभावना है। यह सिस्टम अगले कुछ दिनों तक मौसम को प्रभावित करेगा।
बारिश के आंकड़े और तापमान में गिरावट
पिछले 24 घंटों में बस्तर और सरगुजा संभाग में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। कुसमी, गीदम, भाटापारा, सन्ना, गिधौरी, शंकरगढ़, दंतेवाड़ा और बिलाईगढ़ जैसे स्थानों पर 4 से 7 सेमी बारिश हुई। दुर्ग में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
अगले कुछ दिनों तक सावधानी बरतने की जरूरत है
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार 18 जून को प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इसके साथ ही एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और आंधी की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले 4 दिनों में खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश के संकेत हैं।
रायपुर के लिए विशेष पूर्वानुमान
18 जून को राजधानी रायपुर में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।