
राजधानी रांची में शुक्रवार रात सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि इस घटना में एक किशोरी घायल हो गई। घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना अनगड़ा के सिकिदिरी थाना क्षेत्र के भुसूर जंगल मोड़ पर हुई। यहां एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे रखे बड़े पाइप से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ।
मृतक की पहचान नहीं हो सकी
बताया जा रहा है कि इस घटना में बाइक सवार एक युवक और एक किशोरी की मौत हो गई है। जबकि बाइक सवार 15 वर्षीय किशोरी रेखा मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गई है। मृतक किशोरी की पहचान 16 वर्षीय गीता कुमारी के रूप में हुई है। हालांकि बाइक चालक का नाम अभी पता नहीं चल पाया है। मृतक गीता पिठौरिया थाना क्षेत्र के राधा गांव की रहने वाली थी, घायल रेखा भी उसी गांव की रहने वाली है।
एंबुलेंस ने पहुंचाया सीएचसी
घटना के समय घटनास्थल के पास से अनगड़ा की ओर जा रही 108 एंबुलेंस की नजर घायलों पर पड़ी। एंबुलेंस ने सभी को अनगड़ा सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने युवक और गीता को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल रेखा का इलाज किया गया। सभी को सीएचसी से रिम्स भेज दिया गया है।
पुलिस ने ली मामले की जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर अनगड़ा थाने की पुलिस भी सीएचसी पहुंची और घटना की जानकारी ली। बताया गया कि तीनों घर से पिठौरिया चौक जाने की बात कह कर निकले थे। इसके बाद वे सभी भुसूर स्थित रोज गार्डेन पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।