Samachar Nama
×

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देवघर दौरा स्थगित, अब नया शेड्यूल जारी होने का इंतजार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देवघर दौरा स्थगित, अब नया शेड्यूल जारी होने का इंतजार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 10 और 11 जून को देवघर आगमन स्थगित हो गया है। राष्ट्रपति भवन से एम्स प्रबंधन और जिला प्रशासन को राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना भेज दी गई है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थगित होने के बाद एम्स देवघर में होने वाले पहले एमबीबीएस दीक्षांत समारोह की नई तिथि भी घोषित की जाएगी।

मुख्यमंत्री को निमंत्रण देकर लौट रहे थे एम्स निदेशक

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर शाम राष्ट्रपति भवन से एम्स निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णे को राष्ट्रपति के देवघर आगमन के स्थगित होने की सूचना मिली। उस समय वे दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निमंत्रण देकर रांची से देवघर लौट रहे थे। निदेशक डॉ. वार्ष्णे ने बताया कि 10 जून को देश के अन्य स्थानों पर होने वाले राष्ट्रपति के कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है।

नए कार्यक्रम की हो सकती है घोषणा
राष्ट्रपति को विशाखापत्तनम से देवघर आना था, लेकिन विशाखापत्तनम में उनका कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है। एम्स का दीक्षांत समारोह भी स्थगित कर दिया गया है। अब जब भी राष्ट्रपति भवन से समय मिलेगा, दीक्षांत समारोह की तिथि घोषित कर दी जाएगी। जल्द ही राष्ट्रपति के आगमन को लेकर नया कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है।

जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा

बताया जाता है कि शुक्रवार को दोपहर तीन बजे तक राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियां चल रही थीं। जिला प्रशासन की बैठक के साथ ही एम्स प्रबंधन भी उनके आगमन की तैयारियों में जुटा था। लेकिन देर शाम फोन पर राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी दी गई।

देवघर आ रहा था अतिरिक्त पुलिस बल

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर डीसी ने बाबा मंदिर में तीर्थ पुरोहितों और धर्मरक्षिणी सभा के साथ बैठक की। साथ ही उनके यात्रा मार्ग से अतिक्रमण हटाया गया। राष्ट्रपति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारी भी पहुंचने लगे हैं।

Share this story

Tags