झारखंड में इस दिन प्रवेश कर सकता है मॉनसून, रांची समेत इन जिलों में गरज के साथ बारिश का येलो अलर्ट

झारखंड में 15 से 20 जून के बीच संथाल परगना के रास्ते मानसून के प्रवेश करने की संभावना है। इस बीच, मौसम विभाग ने शनिवार 7 जून को राज्य के पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। रविवार को उत्तर-पश्चिमी भाग को छोड़कर शेष भागों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
रांची में दोपहर बाद बारिश की संभावना
बताया गया कि शनिवार को राजधानी में बादल छाए रहेंगे। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। यह स्थिति 12 जून तक बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने 10 से 12 जून तक बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
झारखंड की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इन जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना
झारखंड के कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। इन जिलों में रांची, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, खूंटी, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।
मौसम विभाग ने बताया है कि पिछले 24 घंटे के दौरान बोकारो में सबसे अधिक 17 मिमी बारिश हुई है। जगन्नाथपुर, बानो, लोहरदगा, खूंटी, जामताड़ा, हजारीबाग, गुमला, धनबाद और देवघर में 0.5 मिमी से लेकर 17 मिमी तक बारिश हुई है।
रांची का तापमान 33.8 डिग्री पहुंचा
झारखंड में शुक्रवार को मौसम का मिजाज थोड़ा बदला। कई जिलों के तापमान में बढ़ोतरी हुई। इसलिए राजधानी रांची के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम है। लेकिन मौसम विभाग ने कहा है कि झारखंड में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। इसलिए लोगों को गर्मी का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। हालांकि, राज्य के करीब 15 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।