झारखंड में मानसून की एंट्री, इन जिलों में रेड अलर्ट… लोगों से घरों में रहने की अपील

कई राज्यों में लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है। राज्य में मानसून के आगमन के साथ ही पिछले 24 घंटे से राजधानी रांची समेत अधिकांश जिलों में लगातार बारिश हो रही है। जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के साथ मानसून झारखंड में प्रवेश कर चुका है। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों में राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने झारखंड के आधा दर्जन से अधिक जिलों के लिए रेड और ऑरेंज चेतावनी जारी की है, जिसमें 18 से 21 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधान और सतर्क रहने की अपील की है।
लोगों को सावधान रहने की जरूरत
राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। अच्छी बारिश के साथ-साथ मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि मानसून के प्रवेश के साथ ही बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल रही हैं। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
मौसम वैज्ञानिक ने कहा- सामान्य से बेहतर होगी बारिश
वहीं, वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि इस बार मानसून के दौरान सामान्य से बेहतर बारिश होगी। अच्छी बारिश राज्य के साथ-साथ किसानों के लिए भी शुभ संकेत है, लेकिन सावधान रहने की जरूरत है। आज से 21 जून तक झारखंड के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
रांची जिला प्रशासन ने 19 जून की सुबह 8:30 बजे से 20 जून की सुबह 8:30 बजे तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए आम जनता से अनावश्यक यात्रा से बचने का अनुरोध किया है।