जमशेदपुर सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की मौत, CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख
जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव रोड पर हुआ, जहां एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल शामिल हैं। बताया गया कि हादसा सुबह करीब तीन बजे के आसपास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे की ओर जा टकराई। हादसे के कारणों और ट्रक के सड़क किनारे खड़े होने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दुख माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे है। मुख्यमंत्री ने दीपिका पांडेय सिंह और अन्य शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी हादसे पर शोक जताया। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी मां के लिए असहनीय होता है।
हादसे की सूचना के बाद परिजन और राज्य के कई नेता मंत्री के परिवार से मिलने पहुंचे। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

