फिश फार्म का संचालन PPP मोड पर करने की तैयारी में झारखंड सरकार, किसानों से भी लिए गए सुझाव

झारखंड को मत्स्य पालन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की सोच के साथ राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने प्रगतिशील मत्स्यपालकों से संवाद किया। मंगलवार को रांची के धुर्वा स्थित मत्स्य अनुसंधान केंद्र में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान मत्स्यपालन से जुड़े किसानों ने सुझाव दिए। मत्स्यपालकों ने राज्य में मत्स्य बीज की कमी से लेकर मछली के चारे तक के बारे में सुझाव दिए। मंत्री ने मत्स्यपालकों के सुझावों को बेहतर और दूरगामी बताते हुए विभाग की कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में अगर किसी क्षेत्र में सबसे ज्यादा विकास हो रहा है तो वह मत्स्यपालन है। राज्य में मत्स्यपालन में 40 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार राज्य में मत्स्यपालन को बढ़ावा देने के लिए नीति बनाना चाहती है।