मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना का बढ़ा कद, झारखंड मुक्ति मोर्चा की नई कार्यकारिणी घोषित
बिहार विधानसभा चुनाव भले ही साल के अंत में होने हैं, लेकिन सभी राजनीतिक दलों ने इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। झारखंड की सत्ताधारी पार्टी ने चुनाव से पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। यही वजह है कि जेएमएम ने अपनी नई टीम की घोषणा की है। पहली बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन को केंद्रीय कार्यकारिणी में जगह दी गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन और बहन अंजलि को भी जगह दी गई है।
झारखंड की प्रमुख सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 14 और 15 अप्रैल 2025 को रांची के खेलगांव में अपना 13वां महाधिवेशन संपन्न करने के बाद अब पार्टी की ओर से केंद्रीय कार्यकारिणी समिति का गठन कर दिया है।
पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति में दिशोम गुरु शिबू सोरेन, उनकी पत्नी रूपी सोरेन, राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन समेत 63 पार्टी नेताओं को जगह दी गई है। इसमें पार्टी के सभी सांसद और विधायक के साथ-साथ झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष भी शामिल हैं।
किसे क्या जिम्मेदारी मिली?
घोषित कार्यकारिणी सूची के अनुसार, दिशा गुरु शिबू सोरेन को पार्टी का संस्थापक संरक्षक बनाया गया है, जबकि उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पार्टी का केंद्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रूपी सोरेन के साथ कुल आठ नेताओं को पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जिनमें वरिष्ठ सदस्य और विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी, विधायक सविता महतो, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, पूर्व मंत्री वैद्यनाथ राम, झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शामिल हैं।
जबकि पार्टी की ओर से पांच लोगों को केंद्रीय महासचिव बनाया गया है, जिनमें विनोद पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य, सांसद जोबा मांझी, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर और फागू बेसरा शामिल हैं।

