सिरमटोली रैंप विवाद में आदिवासी संगठनों का झारखंड बंद आज, JLKM ने किया समर्थन

सिरमटोली रैंप के विरोध में आज आदिवासी संगठनों ने झारखंड बंद का ऐलान किया है। यह ऐलान आदिवासी बचाओ मोर्चा और केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली बचाओ मोर्चा ने किया है। बंद से पहले कल शाम रांची में मशाल जुलूस निकाला गया। सिरमटोली सरना स्थल के पास से रैंप हटाने की मांग को लेकर इस बंद का ऐलान किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक 4 जून को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद का ऐलान किया गया है।
आपको बता दें कि मंगलवार शाम को आदिवासी संगठनों के लोग रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में जुटे। इसके बाद वे वहां से मशाल लेकर नारे लगाते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों ने कहा कि किसी भी हालत में सिरमटोली रैंप को सरना स्थल के सामने से हटाना होगा। जब तक यह काम पूरा नहीं हो जाता, उनका विरोध जारी रहेगा। बंद के दौरान दवा दुकानों, आवश्यक सेवाओं, अंतिम संस्कार, एंबुलेंस, अस्पताल जाने वाले मरीजों को छूट दी जाएगी। यह भी पढ़ें: झारखंड का वह गांव जहां से अंग्रेजों ने भगवान बिरसा मुंडा को किया था गिरफ्तार
जेएलकेएम ने बंद का किया समर्थन
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने आदिवासी बचाओ मोर्चा द्वारा आहूत झारखंड बंद का समर्थन किया है। इस संबंध में उन्होंने मंगलवार को ऑक्सीजन पार्क में कहा कि पार्टी इस बंद का नैतिक समर्थन करती है। उसकी मांग है कि झारखंड सरकार उसकी सभी मांगों को पूरा करे।
इन मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरेंगे संगठन
सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप विवाद, आदिवासी धार्मिक स्थलों मारंग बुरु, पारसनाथ पर्वत गिरिडीह, लुगुबुरु, मुड़हर पर्वत, दिवारी दिरी के अस्तित्व को बचाने समेत कई मांगों को लेकर आदिवासी संगठन सड़कों पर उतरेंगे। इस दौरान पेसा कानून, आदिवासी जमीन हड़पने, धार्मिक न्यास बोर्ड, नियोजन नीति, भूमि बैंक, आदिवासी विश्वविद्यालय, भाषा संस्कृति, शराबबंदी जैसे मुद्दे भी उठाए जाएंगे।