Samachar Nama
×

राजधानी समेत 12 जिलों में इतने दिन होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

राजधानी समेत 12 जिलों में इतने दिन होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

मौसम केंद्र रांची ने छह जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि मंगलवार को रांची के कांके में सबसे अधिक 110.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे रांची और आसपास के इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीण इलाकों में बारिश के बाद खेत-खलिहान पानी से लबालब हो गए हैं। वहीं कृषि विशेषज्ञ जलजमाव की इस स्थिति को खरीफ फसल के लिए रामबाण बता रहे हैं। मंगलवार को राजधानी में दिनभर हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है। एक ओर जहां शाम होते ही लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम की सफाई व्यवस्था की भी पोल खुल रही है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 2, 3 और 4 जुलाई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के साथ-साथ मध्य भाग रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला और बोकारो में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में वज्रपात और बिजली के साथ बारिश की येलो चेतावनी जारी की गई है। पांच जुलाई को उत्तर-पश्चिमी भाग के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी भाग यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और साहिबगंज में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की येलो चेतावनी जारी की गई है। अभिषेक आनंद ने बताया कि दो और तीन जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की प्रबल संभावना है।

ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मानसून की सक्रियता सामान्य रही। लगभग सभी जगहों पर वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई। रांची के कांके में सबसे अधिक 110.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान गोड्डा में 32.9 डिग्री सेल्सियस जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा।

Share this story

Tags