दिल्ली में लू का अलर्ट, यूपी में कल से होगी बारिश, जानें बिहार-झारखंड समेत अन्य राज्यों का हाल

मई में हुई बारिश से देश में मौसम सुहाना रहा। मई में दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी का अहसास नहीं होने दिया, लेकिन अब जून में दिल्ली समेत अन्य राज्यों में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सोमवार को दिन में काफी गर्मी रही। सोमवार को राजधानी में आसमान साफ रहने और दिनभर तेज धूप खिलने से एनसीआर के लोग गर्मी से बेहाल रहे। आज भी राजधानी में भीषण गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। धूल भरी हवाएं और लू चल सकती है। राजधानी में 12 जून तक लू चलेगी। उसके बाद 13 जून से राहत मिल सकती है। क्योंकि मौसम विभाग ने 13 जून से बारिश की संभावना जताई है। कल से यूपी में लौटेगी बारिश इन दिनों उत्तर प्रदेश में लोग गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग ने लू के चलते ललितपुर, झांसी, जालौन, महोबा, हमीरपुर, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा, हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल से यूपी में बारिश की वापसी हो सकती है। 12 जून को यूपी के 60 फीसदी जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
बिहार-झारखंड में बदलेगा मौसम
बिहार में लोगों को आज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, देर रात राज्य में मौसम बदलेगा। कल से मानसून के साथ तेज बारिश होगी। 15 जून तक बिहार में मानसून पहुंचने की उम्मीद है। आज देर रात पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में हल्की बारिश हो सकती है। कल से पूरे बिहार में मूसलाधार बारिश हो सकती है। झारखंड में आज मौसम बदलेगा। आज से 14 जून तक राज्य के कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा बारिश भी देखने को मिल सकती है।
राजस्थान समेत इन राज्यों में क्या है स्थिति
राजस्थान में एक बार फिर गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। लू के चलते दोपहर में सड़कों पर शांति छा गई है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 47.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश इलाकों में शुष्क मौसम और लू चलने की संभावना जताई है। 15-16 जून को कोटा, भरतपुर संभाग में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस सप्ताह हरियाणा और पंजाब में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना है।