जल उठा हजारीबाग, मंगला जुलूस के दौरान पथराव, तोड़फोड़ और हवाई फायरिंग
हजारीबाग शहर में रामनवमी के अवसर पर मंगला जुलूस के दौरान पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुई। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मंगलवार रात जुलूस झंडा चौक मस्जिद गली मोड़ के पास था। जुलूस में शामिल कुछ लोग लाठी-डंडों से करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों समुदायों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया।
इसके बाद पथराव शुरू हो गया। जुलूस में शामिल लोगों का आरोप है कि मंगला जुलूस पर पथराव किया गया। स्थिति तुरंत बिगड़ गई और आस-पास की दुकानों में तोड़फोड़ शुरू हो गई। हंगामे के चलते ईद का बाजार भी बंद हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं। पुलिस द्वारा चार राउंड फायरिंग की खबर है। रात करीब 10:45 बजे हंगामा शुरू होने के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हजारीबाग के एसपी अरविंद कुमार सिंह खुद घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।
सदर एसडीओ और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और शांति बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं। बढ़ते तनाव को देखते हुए दूसरे अखाड़े के मंगला जुलूस को झंडा चौक से ठीक पहले रोक दिया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।