झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों ने कोयला कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना कांके थाना क्षेत्र के प्रेमनगर की है, जहां शुक्रवार तड़के बदमाशों ने कारोबारी संजय करमाली के घर के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं। वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 13 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राहुल दुबे गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं। घायल आरोपी की पहचान सौरभ कुमार उर्फ विलन के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिंग रोड पर घेराबंदी कर चार आरोपी पकड़े
कोयला कारोबारी के घर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए गए। पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल बदमाश कार से शहर से बाहर भागने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद नगड़ी और धुर्वा थाना क्षेत्र की सीमा के पास रिंग रोड पर घेराबंदी की गई।
पुलिस ने एक कार को रोककर उसमें सवार चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के सीठियो इलाके में होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सीठियो में मौजूद आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर गोली चलानी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सौरभ कुमार के पैर में गोली लगी। इस तरह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार उर्फ विलन, कुंदन उर्फ आदित्य, ऋषभ यादव, गुड्डू मिश्रा और मोहित पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
हजारीबाग के होटल पर भी हुई थी फायरिंग
इसी गिरोह पर हजारीबाग के मटवारी स्थित एके इंटरनेशनल होटल पर फायरिंग करने का भी आरोप है। गुरुवार रात बदमाशों ने होटल के मुख्य दरवाजे पर गोलियां चलाई थीं। गोलीबारी में होटल का शीशे वाला दरवाजा टूट गया, जबकि सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी बाल-बाल बच गए।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में कारोबारियों को डराने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग किए जाने की आशंका सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास के साथ दोनों घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

