निशा भगत मौत मामले में सीबीआई की एंट्री, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपने हाथ में ले ली है। जांच शुरू करते ही एजेंसी ने दो लोगों अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
14 नवंबर को सीबीआई ने दर्ज किया मामला
सीबीआई ने झारखंड के रांची स्थित पिठोरिया थाने में पहले से दर्ज प्राथमिकी को अपने यहां दोबारा दर्ज किया है। यह कार्रवाई झारखंड सरकार की 10 नवंबर और केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की 14 नवंबर की अधिसूचना के बाद की गई। इसके साथ ही मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी के पास आ गई है।
6 नवंबर को हुई थी निशा भगत की मौत
निशा भगत आदिवासी अधिकारों और सरना-सनातन पहचान से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय थीं। छह नवंबर को मौत से कुछ समय पहले उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर झारखंड सरकार, स्थानीय पुलिस-प्रशासन और जमीन से जुड़े कुछ लोगों पर परेशान करने के आरोप लगाए थे। उन्होंने अपनी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने की बात भी कही थी।
उनके पिता आनाडू भगत ने बेटी की मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। परिजनों और विभिन्न संगठनों की मांग के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी।
आरोपियों के ठिकानों पर पहुंची जांच टीम
सीबीआई ने जांच शुरू करते हुए आरोपियों से पूछताछ और उनके ठिकानों की पड़ताल की है। मंगलवार को जांच टीम अजय तिर्की के आवास पर भी पहुंची। फिलहाल एजेंसी मामले से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपों की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोप अभी जांच के दायरे में हैं।

