LOC पर पाकिस्तान ने फिर से की हिमाकत, सीजफायर तोड़कर की फायरिंग, भारतीय जवानों ने दिया मुंहतोड़ जवाब

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान अपनी हरकतों से पीछे नहीं हट रहा है। भारत ने जब बर्बर आतंकवादी हमले पर अपनी नाराजगी जाहिर की तो पाकिस्तान ने भी आंखें दिखानी शुरू कर दी हैं। भारत ने जब कड़े फैसले लिए तो पाकिस्तान ने भी जवाब देने का ऐलान कर दिया। इस बीच, पाकिस्तानी सेना ने जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास कुछ इलाकों में छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी इस गोलीबारी का कड़ा जवाब दिया। हालांकि गोलीबारी में किसी भी पक्ष से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सीमा पर तनाव का माहौल है।
#WATCH | Pahalgam, J&K: Security Forces at Baisaran meadow, where a horrific terror attack took place on the 22nd of April, claiming the lives of 26 people, including 25 Indians and one Nepali citizen#PahalgamTerroristAttack pic.twitter.com/JZAVv1E3ta
— ANI (@ANI) April 24, 2025
भारतीय सेना के अधिकारियों ने गोलीबारी की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक विस्तृत जानकारी नहीं दी है। वहीं, एलओसी पर गोलीबारी के बीच उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा के कुलनार बाजीपोरा इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। ऐसा माना जा रहा है कि इलाके में 2 या इससे अधिक आतंकवादी फंसे हुए हैं। मुठभेड़ में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। पिछले 2 दिनों में बांदीपोरा में मुठभेड़ के बाद करीब 7 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पहलगाम के बाद जम्मू-कश्मीर में तलाशी अभियान जारी है।
फरवरी में भी पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी की थी।
भारतीय सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सीमा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की है। हमारे सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। इससे पहले फरवरी में भी पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर एक भारतीय चौकी पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की थी। भारत ने तब भी जवाबी कार्रवाई की थी। किसी के हताहत होने या किसी प्रकार की क्षति की कोई खबर नहीं है। नवीनतम गोलीबारी पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद हुई है। भारत और पाकिस्तान दोनों ही हाई अलर्ट पर हैं।
जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी घटना और आज अरब सागर में कराची तट के पास संभावित मिसाइल परीक्षण के बीच इस्लामाबाद ने अरब सागर के ऊपर नो-फ्लाई जोन जारी कर दिया है। पाकिस्तान सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण कर रहा है। भारत की आशंका को देखते हुए पाकिस्तान ने भी नियंत्रण रेखा पर अपनी तरफ सेना तैनात कर दी है। 17 लड़ाकू विमान तैनात किये गये हैं। इसके अलावा 20 स्क्वाड्रन को अलर्ट मोड में रखा गया है। पाकिस्तान भारत की कार्रवाई का जवाब देने के मूड में है।