Samachar Nama
×

माता वैष्णो देवी मंदिर ने तोड़ा 5 साल का दान का रिकॉर्ड, 94 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने इस साल किए दर्शन

माता वैष्णो देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं ने दान का पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भक्तजन माता के दरबार में खुले दिल से दान दे रहे हैं.......
tr

माता वैष्णो देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं ने दान का पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भक्तजन माता के दरबार में खुले दिल से दान दे रहे हैं। पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने जानकारी दी है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 (जनवरी तक) में भक्तों ने जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी मंदिर को 171.90 करोड़ रुपये का दान दिया है। वित्त वर्ष 2020-21 की बात करें तो यह 63.85 करोड़ रुपये था। 2024-25 में 27.7 किलोग्राम सोना और 3424 किलोग्राम चांदी दान की गई है। वहीं, 2020-21 में 9 किलो सोना और 753 किलो चांदी दान में मिली।

जम्मू निवासी आरटीआई कार्यकर्ता रमन शर्मा ने एक याचिका दायर कर श्राइन बोर्ड से दान के बारे में जानकारी मांगी थी। मंदिर बोर्ड ने अब इस याचिका के जवाब में दान का रिकॉर्ड प्रस्तुत किया है। मंदिर बोर्ड के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान भक्तों ने 166.68 करोड़ रुपये और 2022-23 के दौरान 223.12 करोड़ रुपये का दान दिया। वहीं, वित्तीय वर्ष 2023-24 में श्रद्धालुओं ने 231.50 करोड़ रुपये और 2024-25 में 171.90 करोड़ रुपये दान किया है।

कोविड के दौरान बंद रहा मंदिर

कोरोना काल के दौरान रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित माता रानी के दरबार में 17.20 लाख श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। कोविड के दौरान मंदिर करीब 5 महीने तक बंद रहा था। इसके बाद 16 अगस्त 2020 को इसे पुनः खोल दिया गया। मंदिर के बेहतर प्रबंधन के लिए 1986 में श्राइन बोर्ड की स्थापना की गई थी। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हर साल बढ़ रही है। 2012 में 1.04 करोड़ श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाकर रिकॉर्ड तोड़ा था। पिछले साल करीब 1.01 करोड़ श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए थे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2021 में 55.88 लाख, 2022 में 91.25 लाख, 2023 में 95.22 लाख और 2024 में 94.84 लाख भक्तों ने मंदिर में दर्शन किए।

दान की संख्या हर साल बढ़ रही है

श्राइन बोर्ड के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2020-21 में श्रद्धालुओं ने 9.075 किलोग्राम, 2021-22 के दौरान 26.351 किलोग्राम, 2022-23 में 33.258 किलोग्राम, 2023-24 में 23.477 किलोग्राम और 2024-25 (जनवरी तक) में 27.717 किलोग्राम सोना दान किया है। वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान 753.630 किलोग्राम चांदी, 2021-22 के दौरान 2400.705 किलोग्राम, 2022-23 में 3756.582 किलोग्राम, 2023-24 में 4072.486 किलोग्राम और 2024-25 (जनवरी तक) में 3424.538 किलोग्राम चांदी दान की गई। बोर्ड के अनुसार ये धातुएं अशुद्ध रूप में दान की गई हैं, फिलहाल इनकी दर के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।

Share this story

Tags