कुपवाड़ा में हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े पूर्व आतंकी गिरफ्तार, फुटेज में देंखे चीन निर्मित पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने बुधवार को हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक पूर्व आतंकी मंजूर अहमद भट को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चीन में बनी पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 गोलियां बरामद की गई हैं।पुलिस के मुताबिक, मंजूर अहमद भट पहले भी दो आतंकी मामलों में गिरफ्तार हो चुकाहै। आरोप है कि वह हिजबुल मुजाहिदीन के लिए आतंकी गतिविधियों में मदद करने के साथ-साथ हथियारों की सप्लाई और उपलब्धता सुनिश्चित करने का काम करता था।
हिजबुल मॉड्यूल सक्रिय होने की सूचना पर कार्रवाई
सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि हंदवाड़ा-कुपवाड़ा इलाके में हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ा एक मॉड्यूल सक्रिय है। इस सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और कार्रवाई करते हुए मंजूर अहमद भट को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पहले भी सामने आए हैं आतंकी नेटवर्क के मामले
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबल लगातार आतंकी संगठनों के नेटवर्क और उनके सहयोगियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। हाल के दिनों में कई इलाकों में आतंकी सहयोगियों और संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई है।पुलिस का कहना है कि आतंकी संगठनों के लिए काम करने वाले ओवरग्राउंड वर्कर्स और सहयोगियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
शोपियां में 6 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में भी सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की थी। 24 अगस्त की रात चेकिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने 6 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था।इनके पास से 2 हैंड ग्रेनेड और हिजबुल मुजाहिदीन के 5 पोस्टर बरामद किए गए थे। जांच एजेंसियां इन संदिग्धों से पूछताछ कर आतंकी संगठन से उनके संबंधों की जानकारी जुटा रही हैं।
पुलवामा में भी पकड़े गए थे आतंकी सहयोगी
वहीं, पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने यरवान जंगल इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया था।उनके पास से एक पिस्तौल, 12 कारतूस और हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए थे। सुरक्षाबलों के मुताबिक, ये लोग आतंकी गतिविधियों में मदद पहुंचाने का काम कर रहे थे।
सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी सतर्कता
कुपवाड़ा, शोपियां और पुलवामा जैसे इलाकों में लगातार चल रहे अभियानों से सुरक्षा एजेंसियां आतंकी नेटवर्क को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से होने वाली घुसपैठ और आतंकी संगठनों के स्थानीय नेटवर्क पर कड़ी नजर रखी जा रही है।मंजूर अहमद भट की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे और क्या वह किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा था।

