IND vs IRE T20: आज बेलफास्ट में भारत-आयरलैंड मुकाबला, वीडियो में जाने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में नए युग की शुरुआत
भारत और आयरलैंड के बीच टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज शाम 6 बजे बेलफास्ट में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय टी-20 टीम के लिए एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है, जहां टीम की कमान श्रेयस अय्यर संभाल रहे हैं।इस सीरीज को 2028 ओलिंपिक गेम्स और आगामी टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। टीम मैनेजमेंट युवा खिलाड़ियों को आजमाने और एक मजबूत टी-20 स्क्वॉड तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
वैभव सूर्यवंशी पर सबकी नजरें
इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर है। उन्हें टीम इंडिया में चयन के बाद सबसे युवा क्रिकेटरों में गिना जा रहा है। वैभव की उम्र फिलहाल 15 साल 71 दिन बताई जा रही है और अगर उन्हें आज डेब्यू का मौका मिलता है, तो वे भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।अब तक यह रिकॉर्ड महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा के नाम है, जिन्होंने 15 साल 239 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। वहीं दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था।
टीम इंडिया में नए प्रयोग की शुरुआत
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम इस सीरीज में कई युवा चेहरों के साथ उतर सकती है। चयनकर्ताओं की नजर भविष्य की टीम तैयार करने पर है, जिसमें नए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव देने पर जोर दिया जा रहा है। टीम इंडिया का यह दौरा केवल एक सीरीज नहीं बल्कि आने वाले वर्षों की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जहां युवा प्रतिभाओं को परखने और उन्हें बड़े मंच के लिए तैयार करने की कोशिश की जाएगी।क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या वैभव सूर्यवंशी को आज ऐतिहासिक डेब्यू का मौका मिलता है और क्या वह अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित कर पाते हैं।

